झांसी। ग्राम पंचायत भूपनगर में बुधवार को जिलाधिकारी गौरांग राठी ने धान की क्रॉप कटिंग का निरीक्षण किया। यहां अपने सामने खेत में फसल कटवाकर उपज की माप कराई। इस दौरान किसानों ने चिरगांव मंडी में धान खरीद के दौरान आ रही समस्याओं की शिकायत की। डीएम ने नाराजगी जताते हुए मंडी सचिव से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। किसानों ने जिला पंचायत की ओर से निर्मित सड़क की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए।
डीएम ने लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-3 को सड़क की जांच की जिम्मेदारी सौंपी। वहीं, पूर्व में तैनात लेखपाल पर फसल क्षति का सर्वे सही तरीके से नहीं करने के आरोप पर उपजिलाधिकारी सदर को जांच के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बिजली संबंधी समस्या भी उठाई। इस पर डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड (ग्रामीण) से फोन पर बात कर समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने बीमा कंपनी इफको टोकियो के प्रतिनिधि से बीमित किसानों की जानकारी भी ली। डीएम ने किसानों से खेतों में पराली और फसल अवशेष न जलाने की अपील करते हुए कहा कि इससे मिट्टी के पोषक तत्वों को नुकसान पहुंचता है और पर्यावरण प्रदूषित होता है। इस दौरान ब्लॉक स्तर के सभी अधिकारी मौजूद रहे।