झांसी। कागजों में ही समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है। जलसंस्थान के जेई ने पाइपलाइन का लीकेज सुधारा नहीं और रिपोर्ट दे दी कि लीकेज बंद हो गया है। शिकायतकर्ता की आपत्ति के बाद जब डीएम ने जांच कराई तो निस्तारण फर्जी पाया गया। इस पर जलसंस्थान के जेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
दरअसल सीएम पोर्टल पर 7 अगस्त को बीके आर्या ने शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें तालपुरा मोहल्ले के मछली बाजार तिराहे पर पाइपलाइन लीकेज की बात कही गई थी। जिस पर अधिकारियों ने संबंधित जेई को नामित कर निस्तारण की जिम्मेंदारी सौंपी थी। लेकिन संबंधित जेई ने मामले को कागजों में ही निपटाकर सब कुछ ठीक दिखा दिया। यह मामला तब पकड़ में आया जब शिकायतकर्ता द्वारा आपत्ति जाहिर की गई।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने स्वत: संज्ञान लेकर कमेटी गठित कर तहसीलदार लालकृष्ण और जल संस्थान के एक्सईएन आरएस बादलीवाल को इसके लिए नामित कर जांच करने के निर्देश दिए थे। बुधवार को जांच में मामला उजागर हो गया। जिस पर जिलाधिकारी के निर्देश पर सदर तहसीलदार एवं विभाग के एक्सईएन द्वारा जल संस्थान के जेई ओमप्रकाश पटेल पर लापरवाही और गुमराह करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।