झांसी। रेलवे ने सोमवार रात 9:30 बजे से हंसारी रेलवे क्रॉसिंग पर मरम्मत काम शुरू कराया। इस दौरान क्रॉसिंग के दोनों फाटक बंद करके स्लीपर बदलने का काम किया। देर रात अचानक क्रॉसिंग बंद होने से सड़क पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। इसके बाद वाहनों को दूसरे मार्ग से गुजारा गया।
झांसी-प्रयागराज रेलमार्ग पर स्थित हंसारी रेलवे क्रॉसिंग सेना के क्षेत्र में है। कुछ दिन पहले क्रॉसिंग पर लगे स्लीपर टूट गए थे। इसके चलते यहां पर वाहनों को निकलने में दिक्कत हो रही थी। सोमवार रात 9:30 बजे रेलवे ने इस क्रॉसिंग पर मरम्मत काम के चलते ब्लॉक लिया। मरम्मत कार्य के चलते क्रॉसिंग के दोनों गेट बंद कर दिए गए। इसके चलते झांसी-ललितपुर मार्ग पर वाहनों का आवागमन ठप हो गया। क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। बाद में वाहनों को सेना के हाथी मैदान के पीछे से लालकुर्ती रेलवे क्रॉसिंग होते हुए ललितपुर और झांसी की ओर भेजा गया। मंगलवार सुबह काम पूरा होगा। पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग पर मरम्मत का काम चल रहा है। इसके लिए ब्लॉक लिया गया है।