संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। ग्रामीण सड़कों पर संचालित 79 बसों के परमिट नवीनीकृत नहीं कराए गए हैं। परिवहन विभाग ने उन्हें कई बार नोटिस भेजकर नवीनीकरण की बात कही, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। अब विभाग इनके परमिट निरस्त करने की तैयारी में है। 31 जुलाई तक इन्हें आखिरी मौका दिया गया है, यदि वह इस अवधि के भीतर नहीं आते हैं तो परमिट स्वत: निरस्त कर दिया जाएगा। पिछले माह आरटीई की बैठक में मंडलायुक्त ने स्थानीय सड़कों पर लिए गए जिन परमिटों की अवधि खत्म हो चुकी है, उनके सख्ती से नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए थे।
झांसी जिले की सीमा में विभिन्न रूटों पर बसों के संचालन के लिए कुल 278 परमिट जारी किए गए हैं। परमिट की अवधि 5 साल रहती है और इसके बाद नवीनीकरण कराना होता है। इसके लिए पहले एक साल तक का समय रहता था। अब इसे बढ़ाकर 2 साल कर दिया गया है। बस संचालक जुर्माना अदाकर परमिट का नवीनीकरण करा सकते हैं।
वर्जन -
विभिन्न रूटों पर चलने वाली 79 बसों के परमिट की अवधि खत्म हो चुकी है। 31 जुलाई का समय दिया गया है। इस अवधि में भी परमिट का नवीनीकरण नहीं कराते हैं तो इसके निरस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - एके त्रिवेदी, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन