झांसी। मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने बिजली विभाग के मुख्य अभियंता एवं एक्सईएन मऊरानीपुर की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए उनको यहां से हटाने के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त सभागार में मंगलवार को समीक्षा बैठक के दौरान बिजली विभाग की कार्यशैली पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। कार्यालय में अनुपस्थित रहने की शिकायत पर एक्सईएन मनोज कुमार राय एवं मंडल में तैनात मुख्य अभियंता मनोज कुमार पाठक के खिलाफ कार्रवाई का पत्र लिखने को कहा। कोविड-19 के नियंत्रण के लिए प्रथम चरण में सिर्फ स्वास्थ्य विभाग के कर्मियो को ही टीका लगाने के निर्देश दिए। अवैध खनन की समीक्षा के दौरान उन्होंने इस पर प्रभावी कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। बर्ड फ्लू की निगरानी के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को कंट्रोल रूम संचलित करने को कहा। गोशालाओं में ठंड एवं भूसा की व्यवस्था के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने 50 लाख से अधिक निर्माण कार्यों की जांच कराने को भी कहा है। इस दौरान जिलाधिकारी आंद्रा वामसी, ललितपुर डीएम ए दिनेश कुमार, डॉ.मन्नान अख्तर, सीडीओ शैलेष कुमार समेत अन्य उपस्थित थे।