झांसी। सड़क के मध्य की गई बोरिंग हटाने के निर्देश पर अतिक्रमण कारी व्यक्ति ने महापौर को परिवार सहित सामूहिक आत्मदाह की धमकी दी है। वह मंगलवार को पानी वाली धर्मशाला के पास चल रहे सफाई अभियान के निरीक्षण को पहुंची थीं। बोरिंग कर्ता व्यक्ति की मनमानी पर उन्होंने नोटिस जारी करने के निर्देश नगर निगम अधिकारियों को दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम द्वारा पानी वाली धर्मशाला के पास सफाई अभियान चलाया जा रहा है। वहीं धर्मशाला से सटे लोकमान्य तिलक बालिका इंटर कॉलेज के समीप नगर निगम द्वारा पानी की निकासी के लिए नए नाले का निर्माण किया जा रहा है। महापौर के मुताबिक निर्माण करा रहे ठेकेदार ने सूचना दी थी कि सड़क के बीचों-बीच एक व्यक्ति द्वारा बोरिंग क राने से नाले के निर्माण में बाधा आ रही है। ऐसे में उन्होंने मंगलवार को नगर निगम के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया तो सड़क के मध्य मनमानी तरीके से की गई बोरिंग मिली। ऐसे में उन्होंने बोरिंग हटाने के निर्देश दिए। इस पर बोरिंग कर्ता व्यक्ति ने विरोध दर्ज कराया। इस पर उक्त व्यक्ति महापौर व अन्य अधिकारियों से बहस करने लगा और बोरिंग हटाने की दशा में परिवार समेत आत्मदाह करने की धमकी दी। बोरिंग करने वाले व्यक्ति का कहना है कि धर्मशाला से जुडे़ पुराने नाले पर बन चुके अवैध निर्माण पहले हटाए जाएं, इसके बाद वह बोरिंग हटाएगा।
महापौर किरन वर्मा के मुताबिक पानी वाली धर्मशाला के निकट सड़क के मध्य एक व्यक्ति ने बोरिंग कर अतिक्रमण किया है। बोरिंग न हटाने पर उक्त व्यक्ति को नोटिस जारी करने के निर्देश दिया है।