झांसी। महानगर में सीएनजी के दामों में पांच रुपये की कटौती की गई। अब यह 94.50 रुपये प्रति किलो की दर से मिलेगी। इससे जिले के 35 हजार वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी। नए दाम शुक्रवार आधी रात से लागू कर दिए गए।
पिछले काफी समय से सीएनजी के दामों में इजाफा होता जा रहा था। 20 फरवरी 2023 को सीएनजी के दामों में तीन रुपये का इजाफा कर दिया गया था। इसके बाद सीएनजी 99.50 रुपये प्रति किलो बिक रही थी। पेट्रोल के बराबर सीएनजी के दाम होने से वाहन चालकों को बड़ा झटका लगा था।
शुक्रवार को सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड ने सीएनजी के दाम में पांच रुपये की कटौती कर दी गई। अब इसके दाम पांच रुपये घटकर 94.50 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। सीयूजीएल के मार्केटिंग मैनेजर नवीन सिंह ने बताया कि सीएनजी के रेट कम किए गए हैं। अब झांसी में इसके रेट 94.50 रुपये प्रतिकिलो हो गए हैं।
पीएनजी के दाम भी गिरे
सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड ने सीएनजी के साथ पीएनजी के दाम भी तीन रुपये कम किए हैं। अब यह 56 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर की दर से मिलेगी। अब तक इसके दाम 59 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर थे। महानगर में 12 हजार घरों में पाइपलाइन के जरिए पीएनजी की आपूर्ति की जाती है।