झांसी। वाणिज्य कर कार्यालय से जीएसटी पंजीकरण समाप्त होने के बावजूद फर्म पर कर चोरी करने का आरोप लगा है। मामले की शिकायत बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति से की गई है। इस मामले में संबंधित फर्म से बीयू ने जवाब मांगा है। जवाब आने के बाद अधिकारी नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में सेवाएं देने वाली एक टूर एंड ट्रैवल्स फर्म के खिलाफ प्रसन्न दुबे ने शिकायत की है। शिकायत में आरोप लगाया है कि फर्म का पंजीकरण वाणिज्य कर कार्यालय से निरस्त किया जा चुका है। मगर उक्त फर्म लगातार जीएसटी चोरी कर रही है। सरकारी विभागों में निरस्त जीएसटी पर बिल काटे जा रहे हैं। अभी पिछली महीने ही विश्वविद्यालय में बिल प्रस्तुत किए गए। सबूत के तौर पर इसकी फोटो कॉपी भी सौंपी है। साथ ही फर्म के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, शिकायत मिलने के बाद कुलपति ने वित्त अधिकारी को कार्रवाई के लिए लिखा था। वित्त अधिकारी ने फर्म से जवाब तलब करने के लिए कुलसचिव को पत्र लिखा। प्रभारी कुलसचिव अजय कृष्ण यादव ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद फर्म से जवाब मांगा गया है। इसके अलावा जीएसटी कार्यालय को भी पत्र लिखा गया है। जवाब आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।