झांसी। कोरोना वायरस का खौफ यात्रियों के खानपान पर भी नजर आने लगा है। ट्रेनों में यात्रा के दौरान यात्री नॉनवेज खाना (मांसाहारी) लेने से इंकार कर रहे हैं। ऐसे में शाकाहारी खाने की मांग बढ़ गई है। शताब्दी व राजधानी एक्सप्रेस में भी नॉनवेज खाने का भी ऑर्डर नहीं दिया जा रहा है। यात्री एहतियात के चलते दूरी बना रहे हैं।
राजधानी एक्सप्रेस समेत ट्रेनों के पैंट्री कार में खाना बनाकर यात्रियोें को परोसा जाता है। इसमें वेज, नॉनवेज के साथ ही अंडा करी भी दी जाती है। शताब्दी एक्सप्रेस में ग्वालियर से खाना चढ़ाया जाता है। लेकिन कोरोना वायरस के खौफ के चलते यात्रियों ने मांसाहारी खाने से दूरी बना ली है। लोग शाकाहारी खाना मांग रहे हैं। ऐसे में वेज खाने के ऑर्डर भी लगातार बढ़ रहे हैं। ग्वालियर से शताब्दी की बेस किचन से चढ़ने वाले खाने में नॉनवेज खाने के पैकेट की संख्या घटकर आधी रह गई। इस ट्रेन में यात्रियों के टिकट बनवाते समय ही खाने का विकल्प रहता है। ऐसे में यात्री वेज खाने का ही विकल्प चुन रहे हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन दिनों मात्र 5 फीसदी ही नॉनवेज खाना चढ़ाया जा रहा है। ट्रेन में सुबह और शाम को लगभग एक हजार पैकेट खाने के चढ़ते हैं। इसमें पहले लगभग 300 के आसपास नॉनवेज के पैकेट चढ़ते थे, मात्र 30 पैकेट ही चढ़ रहे हैं।
पैंट्री कार कर्मियों को भी मास्क लगाने के निर्देश
ट्रेनों के पैंट्री कार में तैनात कर्मियों को भी मास्क लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। खाना बनाने से लेकर परोेसने में भी सफाई के निर्देश दिए गए हैं। मास्क लगाने के साथ दस्ताने पहनने को कहा गया है।
वीआईपी ट्रेनों पर भी कोरोना का साया
कोरोना वायरस का असर पर्यटकों पर दिन प्रतिदिन साफ नजर आने लगा है। वीआईपी ट्रेन शताब्दी एक्सप्रेस, गतिमान एक्सप्रेस, यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस व उदयपुर-खजुराहो इंटरसिटी एक्सप्रेस से झांसी आने वाले पर्यटकों ने दूरी बना ली है। आलम यह है कि ट्रेेनें खाली चल रही हैं।
साढ़े तीन सौ यात्रियोें ने निरस्त कराए टिकट
रविवार को झांसी से करीब साढ़े तीन यात्रियों ने दिल्ली के टिकट कैंसल कराए। कोरोना वायरस के चलते यात्री दिल्ली जाने से बच रहे हैं। दिल्ली जाने के लिए अममून रात के समय ट्रेनों में सीटों की मांग रहती है, लेकिन वर्तमान में दहशत के चलते यह ट्रेनें भी खाली जा रही हैं।