झांसी। माताटीला बांध से तालाबों को भरने के लिए छोड़े गए पानी के बाद से जलस्तर कम हो गया है। इन हालातों में जल निगम ने कच्चे पानी की पूर्ति पंप चलाकर शुरू कर दी है। बांध पर बने सीपी टैंक को भरने के लिए सात मोटर (पंप) चलाई जा रही हैं, ताकि जल संकट पैदा न हो सके।
माताटीला बांध से झांसी महानगर, बबीना, तालबेहट आदि आसपास के क्षेत्रों की जलापूर्ति होती है। पिछले दिनों तालाब भरने के लिए बांध से पानी छोड़ा गया था। इस कारण बांध का जलस्तर 1007 फीट से घटकर 988 फीट पर पहुंच गया है। चूंकि, बबीना आने वाली 110 एमएलडी व 45 एमएलडी कच्चे पानी की पाइप लाइनों के सीपी टैंक माताटीला बांध पर बने हुए हैं। सीपी टैंक (कॉन्सटेंट प्रेशर टैंक ) में पानी बांध के निचली सतह से लिया जाता है। मजबूरन जल निगम को पंपिंग कर कच्चा पानी लेना पड़ रहा है।
990 फीट तक पंपिंग कर पर्याप्त पानी बबीना फिल्टर प्लांट को मिल जाता था, लेकिन जल स्तर घटने से पंपिंग के बाद भी करीब पांच एमएलडी पानी कम मिल पा रहा था। इस कारण जल निगम ने बांध पर स्थापित अपनी सात पंपों का संचालन शुरू कर दिया है। इससे राइजिंग लाइन में पानी फोर्स से दौड़ने लगा है। मालूम हो कि, जल निगम ने बांध पर अस्सी एचपी की तीन, पचहत्तर एचपी की दो व पचपन एचपी की दो मोटरें लगा रखी हैं। आठ -आठ घंटे के अंतराल पर इन मोटरों को चलाया जाता है।
इधर, महानगर में पानी की मांग बढ़ने से अधिकांश क्षेत्रों में पाइप लाइन के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है और पानी की टंकियां भी देरी से भर पा रही हैं। हाल यह है कि कई क्षेत्रों में जलापूर्ति का समय सिमटकर पंद्रह से तीस मिनट रह गया है।
‘सात मोटरों से पंपिंग कर सीपी टैंक को भरा जा रहा है, ताकि कच्चे पानी की कमी न पड़ सके। ऐसी स्थिति हर साल बनती है। बारिश होते ही पंपों का संचालन बंद हो जाएगा।’
इन क्षेत्रों में जल आपूर्ति चल रही प्रभावित
एक समय आपूर्ति होने के कारण सिविल लाइन, पुलिस लाइन, इलाहाबाद बैंक चौराहा, जानकीपुरम, विवेकानंद कालोनी, स्टेशन रोड, चंद्रशेखर तिराहा क्षेत्र, इलाइट चौराहा, जीवन शाह, बीकेडी आदि क्षेत्रों के लोगों की समस्या बढ़ गई है।
इसी तरह जल संकट के कारण मैला की टोरिया, छनियापुरा, सागर गेट, डड़ियापुरा, बाहर बड़ागांव गेट, झोकन बाग, ओरछा गेट, सैंयर गेट, मानिक चौक, गांधी रोड, झारखड़िया, खंडेराव गेट, आशिक चौराहा, सुभाष गंज, तलैया मुहल्ला, लक्ष्मीगेट, बंगला घाट, पारेश्वर, मद्रासी कालोनी,
अन्नपूर्णा कालोनी, बड़ा बाजार, मिनर्वा, कचहरी चौराहा, सदर बाजार, गल्ला मंडी, खुशीपुरा, तालपुरा, सीपरी बाजार, मसीहागंज, मिशन कंपाउंड, गोंदू कंपाउंड, ग्वालटोली, आजाद गंज, खाती बाबा, नंदनपुरा समेत तमाम क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।