अमर उजाला की रन फॉर कंट्री में देश के लिए हर वर्ग के लोग दौड़े
अमर उजाला की ओर से इस बार गणतंत्र दिवस का जश्न खास अंदाज में मनाया जा रहा है। इसी के तहत मंगलवार की सुबह महानगर में रन फॉर कंट्री (मिनी मैराथन) का आयोजन हुआ, जिसमें युवा, खिलाड़ी, विद्यार्थी, पुलिस के जवान, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ - साथ भारी संख्या में जन सामान्य के लोगों ने हिस्सा लिया।
धावकों का रास्ते में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया है। इस दौरान राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुए ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदेमातरम’ के उद्घोष गुंजायमान रहे। बच्चे - बड़े सभी उत्साहित नजर आए।
जबकि, इससे पहले नगर विधायक रवि शर्मा, गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य व एसपी सिटी श्रीप्रकाश द्विवेदी ने ध्यानचंद स्टेडियम में हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की। लगभग दो किलोमीटर का फासला तय कर सभी धावक लक्ष्मी व्यायाम मंदिर पहुंचे।
यहां वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की गई। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।