जिले की 794 राशन की दुकानों पर रविवार से राशन का वितरण शुरू होगा। इस महीने के पहले चक्र में राशन पाने के लिए कार्डधारकों को जेब ढीली करनी होगी। इस दौरान दो रुपये किलो गेहूं और तीन रुपये किलो की दर से चावल दिया जाएगा। इसके लिए कोटेदारों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। लॉकडाउन के दौरान महीने में दो बार होने वाले राशन वितरण के पहले चरण में अंत्योदय कार्डधारकों और दिहाड़ी मजदूरों को मुफ्त राशन का वितरण किया जा रहा था। अब सरकार ने इसमें बदलाव किया है। डीएसओ तीर्थराज यादव ने बताया कि राशनकार्ड लाभार्थी 05 जुलाई से 14 जुलाई तक संबंधित कोटे की दुकान से गेहूं दो रुपये किलो और चावल तीन रुपये किलो की दर से प्राप्त कर सकेंगे। वहीं द्वितीय वितरण चक्र 21 जुलाई से 30 जुलाई के बीच सभी कार्डधारकों को कोटे की दुकान से मुफ्त पांच किलो चावल प्रति यूनिट और एक किलो चना प्रति कार्ड दिया जाएगा। उन्होंने कोटेदारों को परिवर्तित वितरण रोस्टर के अनुसार कार्डधारकों को टोकन जारी करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए वितरण करने के निर्देश दिए हैं।