झांसी। अगर आपके वाहन में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं है और आपको परिवहन विभाग में फिटनेस या ट्रांसफर जैसा कोई काम कराना है, तो परेशान होने की जरुरत नहीं है। नंबर प्लेट की बुकिंग रसीद दिखाकर काम कराया जा सकेगा। विभाग ने लोगों की परेशानी को देखते हुए रसीद की सहूलियत दी है।
दरअसल, जिले में दौड़ रहे वाहनों पर सरकार ने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते एक दिसंबर से बिना प्लेट कार्यालय में पहुंचने वाले वाहन चालकों के काम नहीं किए जा रहे हैं। ऐसे में तमाम वाहन चालकों को कार्यालय से वापस लौटना पड़ रहा है। वहीं जिन आवेदकों को डीएल बनवाने के लिए स्लॉट मिला है, वे भी लौटाए जा रहे हैं। ऐसे में आवेदकों को एक महीने बाद का स्लॉट मिल रहा और प्रक्रिया पिछड़ रही है। ऐसे वाहन चालकों के लिए विभाग ने पहल की है। आवेदक अब नंबर प्लेट के आवेदन की रसीद दिखाकर कार्यालय में काम करा सकेंगे। एआरटीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बनने में देरी होने की जानकारी मिली है। ऐसे में प्लेट के आवेदन की रसीद दिखाकर कार्यालय में काम किया जा सकेगा।
देर से बन रही प्लेट
मौजूदा दौर में डीलरों के यहां हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को आवेदन करने के लिए भीड़ उमड़ रही है, लेकिन तकनीकी खामी के चलते बार कोड जारी नहीं हो पा रहा है। ऐसे में लोगों को समय से प्लेट नहीं मिल पा रही है। इसके चलते विभाग ने बुकिंग रसीद दिखाने की सुविधा दी है।