झांसी पुलिस लाइन में तैनात रहा सिपाही पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी सिपाही पर दुष्कर्म के आरोप में तीन अगस्त को नामजद मुकदमा दर्ज हुआ था। उसके बाद से पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। दो दिन पहले उसे गिरफ्तार करने जब पुलिस पहुंची तब आरोपी चकमा देकर फरार हो गया। वहीं, उसकी तलाश के लिए दो टीमें भी लगा दी हैं।
नवाबाद के खुशीपुरा निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि अलीगढ़ निवासी पवन कुमार पुत्र धनपाल से दिल्ली में रहने के दौरान दोस्ती हो गई थी। पवन पुलिस लाइन में सिपाही है। शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सिपाही पवन एवं उसके भाई के खिलाफ 3 अगस्त को दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया।
एसएसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया लेकिन, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। काफी दबाव पड़ने पर दो दिन पहले पुलिस गिरफ्तारी को पहुंची लेकिन, आरोपी सिपाही चकमा देकर भाग निकला।
बुधवार को आरोपी की गिरफ्तारी की मांग लेकर पीड़िता फिर एसएसपी कार्यालय पहुंची। एसएसपी ने आरोपी सिपाही के गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई है। सीओ सिटी राजेश राय का कहना है आरोपी सिपाही का सुराग लगाया जा रहा है।