सिद्धेश्वर मंदिर में अखंड रामायण का पाठ करते विधायक रवि शर्मा व अन्य।
- फोटो : REPORTERS
झांसी। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन के मौके पर महानगर में भी रामधुन का उद्घोष होगा। साथ ही, दीपों से चौराहों को रोशन किया जाएगा। वहीं, घर-घर में दीप जलाए जाएंगे। राष्ट्रभक्त संस्था के केन्द्रीय अध्यक्ष अंचल अड़जरिया ने बताया कि पांच अगस्त का दिन पूरे भारतवासियों के लिए बहुत ही हर्ष का दिन होगा। बुधवार को देश के प्रधानमंत्री द्वारा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया जायेगा। इसी श्रृंखला में महानगर के धार्मिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। पूरे जिले में 184 मंदिरों पर शंख, झालर, नाद, आतिशबाजी और भजन संध्या, अखंड रामायण पाठ, सुंदरकांड के पाठ, हनुमान चालीसा और डीजे पर रामधुन का उद्वघोष होगा। साथ ही इलाइट चौराहा, बीकेडी, चित्रा चौराहा, रसबहार, मिनर्वा, सिंधी चौराहा, खंडेराव गेट, कचहरी चौराहा, जेल चौराहा, मऊरानीपुर चुंगी, मेडीकल बाईपास, ग्यालियर रोड स्थित गणेश चौराहा समेत 17 चौराहों पर दीपोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम पूरी तरह से सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सम्पन्न होगा।