श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण में जनता से सहयोग लिया जाएगा। इसमें सरकारी धन का उपयोग नहीं किया जाएगा। राम मंदिर निर्माण के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर के विवाद का हल निकाला जाएगा।
गुरसरांय में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने जा रहे महंत नृत्य गोपाल दास ने समाज सेविका अनुराधा शर्मा के आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन हो चुका है। अब कोई भूमि पूजन नहीं होगा।
एक माह में मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा और इसमें धन देश - विदेश के राम भक्त लगाएंगे। उन्होंने मंदिर निर्माण के फैसले पर कहा कि इसका श्रेय भगवान को जाता है और किसी को नहीं। एक सवाल के जवाब में महंत जी ने कहा कि हिंदू व मुस्लिम कभी एक हुए ही नहीं, अब बंटने का कोई मुद्दा ही नहीं है। दोनों ही अपना अलग-अलग राग अलाप रहे हैं।