झांसी। गर्मी शुरू होते ही ग्राम रक्सा में पानी का संकट गहराने लगा है। हैंडपंप खराब होने के कारण लोगों को बूंद- बूंद पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। यहां पर पानी की टंकी बना दी गई है। लेकिन पाइपलाइन नहीं डाली जाने की वजह से दस हजार की आबादी परेशान हैं।
बबीना ब्लॉक में आने वाले रक्सा गांव में जलस्तर बहुत कम होने के कारण पानी का संकट रहता है। इस कारण गांव के लोग पानी के लिए हैंडपंपों पर निर्भर हैं। गर्मी अधिक पड़ने पर पानी के लिए लोगों को पैसा खर्च करना पड़ता है। पानी कम बरसने के कारण अभी से किल्लत शुरू हो गई है। ग्रामीणों ने समस्या के समाधान की मांग जिलाधिकारी से की थी। शनिवार को जिलाधिकारी आंद्रा वामसी से निरीक्षण कर ग्रामीणों से बात कर पानी की समस्या जानी। ग्रामीणों ने बताया कि हैंडपंप काम नहीं कर रहे हैं या फिर उनमें बहुत कम पानी आ रहा है। गांव में टंकी तो कई साल पहले बन गई थी, लेकिन अब तक पाइपलाइन नहीं बिछी है। इस पर जिलाधिकारी से पाइपलाइन डलवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन डालने का काम शुरू हो गया है। जल्द इसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने हैंडपंप ठीक कराने और पानी के टैंकर भिजवाने का आश्वासन दिया।
सफाई होगी दुरुस्त
भारतीय जनता पार्टी के मंडल महामंत्री राजेंद्र सिंह राजपूत ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर गांव में पानी और सफाई की समस्या के समाधान की मांग की। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि सफाई कर्मचारी बढ़ाए जाएंगे। इस मौके पर तिलक यादव, रजनी राजपूत, रावराजा परमार, किशोरी लाल, रामकुमार गुप्ता, हरप्रसाद वकील, सुरेश गुप्ता, सुनील अहिरवार, अनिल सेन, किरण मिश्रा पनकू परिहार आदि मौजूद रहे।
पानी की बहुत समस्या है। हैंडपंप ही एकमात्र सहारा हैं। गर्मियों में हैंडपंप भी काम नहीं करते हैं। - रामदेवी यादव
अभी तो गर्मियों की शुरूआत है। हैंडपंपों से पानी कम निकलने लगा है, इससे पानी की बहुत परेशानी है। - विकास राजपूत
टंकी तो बनी दी लेकिन पाइप लाइन नहीं डाली गई है। इस कारण टंकी का लोगों को लाभ नहीं मिल रहा है। - शांति देवी
गांव में पानी की बहुत समस्या है। नेता बड़ी- बड़ी बातें करते हैं, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। - दीपक यादव