झांसी। रक्सा पेयजल योजना को शीघ्र चालू करने की मांग को लेकर बुधवार को कांग्रेसियों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन के नेतृत्व में जल निगम के अधिशासी अभियंता का घेराव किया।
इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रक्सा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था हेतु बुंदेलखंड पैकेज से इक्कीस करोड़ की लागत से पेयजल योजना को मंजूरी दी गई थी, जिसके अंतर्गत ढिमरपुरा में टंकी एवं पंप हाउस को निर्माण हुआ है। रक्सा क्षेत्र में पाइप लाइन बिछायी जा चुकी है। परंतु विभागीय उदासीनता के कारण रक्सावासी आज भी पानी खरीद कर पी रहे हैं। उन्होंने अधिशासी अभियंता से पेयजल योजना के अभी तक चालू नहीं किए जाने तथा क्षेत्रवासियों को जल संयोजन नहीं दिए जाने के कारणों पर सवाल उठाए।
इस पर अधिशासी अभियंता ए पी यादव ने बताया कि पाइप लाइन की टेस्टिंग करने का काम पूरा हो चुका है। नंदनपुरा सब स्टेशन से जुड़े रक्सा फीडर की बिजली तीन दिन से न आने के कारण सप्लाई चालू नहीं हो पा रही है। इस पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने विद्युत विभाग के महाप्रबंधक से इस संबंध में बात की। महाप्रबंधक ने बताया कि रक्सा फीडर को सीपरी बाजार खालसा सब स्टेशन से जोड़ा जा रहा है।
इसके बाद यहां की विद्युत संबंधी समस्या खत्म हो जाएगी। इस दौरान प्रदीप जैन ने जनपद के 71 गांवों में स्थित हैंडपंपों में फ्लोराइड, आयरन व आर्सेनिक जैसे रासायनिक व अशुद्धियों से प्रभावित गांवों में शिविर लगाकर जागरूक करने का आग्रह किया। इस मौके पर कार्यवाहक जिलाध्यक्ष मनीराम कुशवाहा ने रक्सा क्षेत्र में शीघ्र संयोजन देने की विभागीय प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। इस पर अधिशासी अभियंता ने आठ जून को जूनियर हाईस्कूल रक्सा में शिविर लगाकर संयोजन देने व समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।
इस मौके पर डा सुनील तिवारी, बलवान सिंह यादव, प्रकाश चंद्र गुप्ता, अमीर चंद्र आर्य, घनश्याम झा आदि मौजूद थे।