झांसी। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के जनवरी सत्र में स्नातक और परास्नातक में प्रवेश नहीं होंगे। जनवरी सत्र में केवल सर्टिफिकेट और डिप्लोमा के साथ जागरूकता कार्यक्रमों में ही प्रवेश दिए जाएंगे।
क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. रेखा त्रिपाठी ने बताया कि मुक्त विश्वविद्यालय में जुलाई एवं जनवरी दो सत्रों में प्रवेश की व्यवस्था है। वर्तमान जुलाई सत्र में स्नातक, परास्नातक स्तर पर कला, विज्ञान, वाणिज्य समेत अन्य सभी शाखाओं में सेमेस्टर प्रणाली लागू कर दी गई है, जिसके कारण प्रवेश प्रक्रिया में कुछ संशोधन करते हुए यह निर्णय लिया गया है कि जनवरी सत्र में सिर्फ सर्टिफिकेट, डिप्लोमा एवं जागरूकता कार्यक्रमों में ही प्रवेश दिए जाएंगे। स्नातक, परास्नातक एमबीए, एमसीए में प्रवेश केवल जुलाई सत्र में ही किए जाएंगे। जुलाई 2020 सत्र में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 दिसंबर इच्छुक छात्र-छात्राएं वेबसाइट www.uprtou.ac.in पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश ले सकते हैं। अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए 7525048147 पर संपर्क कर सकते हैं।