सीपरी बाजार में बरसात से बचने के लिए छाता लगाकर निकली महिलाएं।
झांसी। रविवार को शाम को बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया। हालांकि, बारिश थमने के बाद धूप खिल गई। सूरज ढलने के बाद फिर से हल्की ठंडी हवाएं चलीं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगे के दिनों में गर्मी का ग्राफ बढ़ सकता है। फिर से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव बना हुआ है। नौतपा के शुरूआती दो-तीन दिनों के बाद से आए मौसम में यह बदलाव रविवार को भी देखने को मिला। सुबह से बादलों की आवाजाही के बीच शाम चार बजे के आसपास बारिश शुरू हो गई। हालांकि, पानी ज्यादा देर तक नहीं गिरा। वर्षा रुकने के बाद कुछ देर के लिए धूप खिल गई। इससे हल्की उमस हो गई। सूरज ढलने के बाद फिर से ठंडी हवाएं चलीं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह पारा चढ़ेगा और 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को फिर से गर्मी और उमस झेलनी पड़ सकती है। हालांकि, बीच-बीच में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश भी हो सकती है।
ये रह सकता है तापमान
दिन अधिकतम पारा
सोमवार 38
मंगलवार 39
बुधवार 41
बृहस्पतिवार 41
शुक्रवार 44
शनिवार 44