झांसी। दो दिन की बारिश के दौरान महानगर में विद्युत फाल्टों का अंबार लग गया। सबसे अधिक परेशानी उन्नाव गेट व सूती मिल सब स्टेशन से जुड़े क्षेत्र के लोगों को उठानी पड़ी। दो जगह ट्रांसफार्मर भी फुंक गए और बिजली गुल हो गई। बिजली न होने के कारण जलापूर्ति भी प्रभावित रही।
बुधवार की सुबह आठ बजे दुनारा 220 केवीए ट्रांसमिशन पावर हाउस से सूती मिल और उन्नाव गेट पंचवटी आने वाली 33 केवीए लाइन में फाल्ट हो गया। कर्मचारियों ने दोपहर एक बजे तक लाइन की पेट्रोलिंग की, मगर फाल्ट नहीं मिल सका। इसके बाद ट्रांसमिशन हाउस से दुबारा लाइन चालू करने अपने आप ही करंट दौड़ना शुरू हो गया। इस पर कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
पांच घंटे तक बिजली न आने के कारण अंदर- बाहर उन्नाव गेट, मेवातीपुरा, अलीगोल, शिव परिवार कॉलोनी, थापक बाग, महेंद्र पुरी कॉलोनी, ग्वालियर रोड, अयोध्या पुरी, आईटीआई सिद्धेश्वर नगर, पाल कॉलोनी, औद्योगिक क्षेत्र आदि क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुन्नालाल फीडर से जुड़े टेलीफोन एक्सचेंज फीडर की सीटी (करंट ट्रांसफार्मर) बर्स्ट होने से जेल चौराहा, बाबूलाल कारखाना, जल निगम कॉलोनी आदि क्षेत्रों की बिजली तीन घंटे तक बंद रही। इसी तरह इलाइट- सीपरी बाजार रोड पर होटल वीरांगना के पास तार टूटने से इलाइट, सिविल लाइन, चित्रा चौराहा, सर्किट हाउस, ग्वाल टोली आदि क्षेत्र की बिजली दो घंटे से अधिक समय तक बाधित रही।
मंगलवार की रात साढ़े ग्यारह बजे सीपरी बाजार क्षेत्र में एसआईसी स्कूल के पास पानी की टंकी पर लगा 250 केवी केवीए ट्रांसफार्मर फुंक गया। इसे बदलने का काम 18 घंटे बाद पूरा हो सका। इस दौरान टंकी में पानी न चढ़ पाने के कारण आधे सीपरी बाजार क्षेत्र की जलापूर्ति बाधित रही। उधर, अंदर उन्नाव गेट पुलिस चौकी के पास लगा 400 केवीए ट्रांसफार्मर बुधवार को दोपहर बाद फुंक गया। रात आठ बजे ट्रांसफार्मर को बदला जा सका। इस दौरान अंदर उन्नाव गेट, मेवातीपुरा आदि क्षेत्रों की बिजली गुल रही। मुन्नालाल, जेल चौराहा, रानी महल, सीपरी बाजार, प्रेमनगर, खातीबाबा, गल्ला मंडी व मेडिकल सब स्टेशनों से जुड़े फीडरों में भी छोटे- छोटे फाल्टों के कारण बिजली का आना- जाना बना रहा।