मोंठ। क्षेत्र में मंगलवार व बुधवार को हुई बारिश ने किसानों के चेहरों पर खुशी लौटा दी। कई दिनों से बारिश न होने से धान की फसल सूखने लगी थी। बुधवार को हुई अच्छी बारिश से धान की फसल को नया जीवन मिल गया है। खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने से धान की बढ़वार तेज होने की उम्मीद है। वहीं, किसानों को डीजल व बिजली से सिंचाई कराने की अतिरिक्त लागत से भी राहत मिलेगी। किसान जानकी प्रसाद, बिपिन गुप्ता, प्रमोद तिवारी व नवीन द्विवेदी सहित अन्य किसानों ने बताया कि समय पर हुई बारिश से धान की फसल को बड़ा लाभ मिलेगा। यदि आगामी दिनों में भी मौसम अनुकूल बना रहा तो इस वर्ष धान का उत्पादन बेहतर होने की संभावना है। संवाद