झांसी। रेलवे की ओर से यात्रियों को खाने के चार विकल्प दिए जाते हैं, लेकिन परोसा सिर्फ दो तरह का भोजन ही है। इसकी शिकायत एक यात्री की ओर से रेल प्रशासन से की गई। बावजूद, ध्यान नहीं दिया गया।
लखनऊ निवासी 70 वर्षीय महेंद्र गुप्ता ट्रेन संख्या 12002 शताब्दी एक्सप्रेस से नई दिल्ली से झांसी के लिए यात्रा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि रेलवे की ओर से खाने के चार विकल्प शाकाहारी, मांसाहारी, जैन और डायबिटिक के विकल्प दिए गए थे लेकिन, शाकाहारी और मांसाहारी भोजन ही दिया जा रहा था। परोसे गए खाने की गुणवत्ता भी ठीक नहीं थी। उन्होंने बताया कि रिटायरिंग रूम का भी हाल बदहाल था। शिकायत पर भी ध्यान नहीं दिया गया। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों की शिकायतों का तत्काल समाधान कराया जाता है। इस मामले को भी दिखवाया जाएगा। ब्यूरो