Railway workshop win match from six wicket
झांसी। जेडीसीए द्वारा आयोजित की जा रही 50वीं डॉ. वृंदावन लाल वर्मा लीग कम नॉकआउट क्रिकेट प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को खेले गए लीग राउंड के मैच में एलवीएम अकादमी और रेलवे वर्कशॉप में हुए मैच में जमकर छक्के-चौके लगे। ध्यानचंद स्टेडियम में हुए मैच में रेलवे वर्कशॉप की टीम ने छह विकेट से शानदार जीत हासिल की।
निर्धारित 40 ओवरो के मैच में एलवीएम अकादमी के कप्तान विकास कुशवाहा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने 32.2 ओवरो में सभी विकेट खोकर 121 रनों का स्कोर बनाया। जिसमें बल्लेबाज विनय झा ने 32 रन, प्रियांक पुरोहित ने 26 रन और नदीम रज़ा ने 24 रनों की पारी खेली। रेलवे वर्कशॉप की ओर से गेंदबाज अकील खान ने मात्र चार रन देकर चार विकेट और अविनाश, सार्थक शुक्ला और सिराज हुसैन ने दो-दो विकेट लिए।
121 रनों के आसान से स्कोर का पीछा करने उतरी के रेलवे वर्कशॉप की टीम की शुरूआत खराब रही। 10 रन पर दो विकेट खोने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे जेपी सिंह ने मात्र 50 गेंदों मे 19 चौके और 4 छक्के लगाकर नाबाद 108 रनों की पारी खेल कर 13.2 ओवर में अपनी टीम को जीत दिलाई। एलवीएम अकादमी के नदीम रजा और उत्कर्ष साहू ने एक-एक विकेट प्राप्त किया ।
इस मौके पर शतक लगाने वाले बल्लेबाज को ट्राफी और मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर डॉ. मयंक बंसल, वरिष्ठ क्रिकेट कोच अरुण रॉय, पीयूष नामदेव, राघवेंद्र सिंह, बृजेंद्र निरंजन, सतीश चंद्र मौजूद रहे।