झांसी। खनिज विभाग की कार्रवाई के बाद भी ग्वालियर रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास अवैध खनन जोरों से जारी है। यहां रेलवे ट्रैक बिछाए जाने के लिए नजदीक की पहाड़ी को धड़ल्ले से खोदा जा रहा है। यह सारा खेल प्रशासन की नाक के नीचे खुलेआम खेला जा रहा है।
कानपुर रेल मार्ग का दोहरीकरण कार्य किया जा रहा है। इसके लिए यहां पुराने ट्रैक के समानांतर एक और रेलवे ट्रैक बनाया जा रहा है। रेलवे ने यह काम जीएमआर इंफ्रास्ट्रक्चर को दिया है। ट्रैक बिछाने का काम कई चरणों में किया जा रहा है। इसके तहत ग्वालियर रोड रेलवे क्रॉसिंग पर भी नया रेलवे ट्रैक बनाया जा रहा है।
इसके लिए पिछले एक पखवाड़े से काम जारी है। शुरुआत में जमीन में मिट्टी का पुराव कर उसे पुराने ट्रैक की ऊंचाई पर लाया जा रहा है। तदुपरांत, इस पर गिट्टी डालकर रेल पटरियां बिछाई जाएंगी। मिट्टी पास की ही एक पहाड़ी से खोदी जा रही है। यह काम खनिज विभाग की स्वीकृति के बगैर किया जा रहा है। इसकी भनक मिलने पर दो दिन पूर्व विभाग द्वारा उक्त कार्य में लगीं दो जेसीबी व तीन ट्रैक्टर पकड़े गए थे। बावजूद, अवैध खनन जोरों पर है।
विभाग के सर्वेयर योगेश शुक्ला ने बताया कि मिट्टी खोदने को विभाग की अनुमति लेना आवश्यक है। बगैर अनुमति के पहाड़ी खोदने पर उक्त कार्रवाई की गई थी। संबंधितों पर पेनाल्टी भी लगाई जाएगी। अवैध खनन किसी भी दशा में नहीं होने दिया जाएगा।
बालू खनन में जेसीबी पकड़ी
झांसी। बालू के अवैध खनन में संलिप्ता पाए जाने पर खनिज विभाग की टीम ने एक जेसीबी पकड़ ली है। अवैध खनन की सूचना पर विभाग के सर्वेयर योगेश शुक्ला व जीके दत्ता की टीम ने बराठा में छापा मारा। यहां से एक जेसीबी मशीन पकड़ी गई, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है।