संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। रेल मंडल के बबीना स्टेशन पर कार्यरत टेक्नीशियन मालगाड़ी की चपेट में आ गया। घटना की सूचना जैसे ही साथी रेलकर्मियों को हुई तो वह आनन-फानन में घटना स्थल पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही टेक्नीशियन ने दम तोड़ दिया।
26 वर्षीय गिरराज मीना मंडल के सिग्नल एंड दूरसंचार विभाग में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था। बृहस्पतिवार को वह बबीना स्टेशन के पास तीसरी लाइन पर काम के लिए पहुंचे थे। इसी बीच सुबह 10:45 बजे बीना की ओर से मालगाड़ी आ गई। टेक्नीशियन जब तक ट्रैक से हटते इससे पहले मालगाड़ी की चपेट में आ गए। मालगाड़ी के लोको पायलट को जैसे ही घटना का आभास हुआ तो उसने गाड़ी रोक कर झांसी कंट्रोल रूम को सूचना दी। जानकारी होते ही साथी कर्मी भी घटनास्थल पर पहुंच गए, लेकिन उससे पहले ही टेक्नीशियन ने दम तोड़ दिया। बबीना थाने की पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सात माह पहले हुई थी शादी
राजस्थान के कोटा के रहने वाले टेक्नीशियन गिरराज मीना की शादी सात माह पहले हुई थी। घटना की सूचना रेलवे ने जैसे ही परिजन को दी तो वहां टेक्नीशियन के परिवार में कोहराम मच गया।
दोनों पटरी पर ट्रेन होने से भ्रमित हो गए थे टेक्नीशियन
तीसरी लाइन पर काम के लिए पहुंचे टेक्नीशियन गिरराज मीना जिस समय दुर्घटना के शिकार हुए, उस समय दोनों ट्रैक पर ट्रेन आ गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों ट्रैक पर ट्रेन होने से उन्हें समझ नहीं आया कि वह क्या करे, इसी दौरान वह इंजन से टकरा गए।
वर्जन
बबीना की तीसरी लाइन पर सिग्नल का काम था, जिसके लिए टेक्नीशियन पहुंचे थे। दुर्भाग्य से ये घटना हो गई। - मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे झांसी।