झांसी। रेलवे स्टेशन से बिना अनुमति बसों का संचालन करने पर आरपीएफ क्राइम ब्रांच ने दो बसों को सीज कर दिया। बसों में मुंबई से आए प्रवासी मजदूरों को बैठाकर ले जाया जा रहा था।
साथ ही आरपीएफ ने प्रवासी मजदूरों को बस में बिठाते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया। जबकि ड्राइवर फरार हो गए।
कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के चलते महाराष्ट्र से प्रवासी मजदूरों के लौटने का सिलसिला लगातार जारी है। मजदूरों को उनके शहर तक पहुुंचाने के नाम पर प्राइवेट बस संचालक जमकर
रुपये कमा रहे हैं। शुक्रवार रात को आरपीएफ क्राइम ब्रांच की टीम ने रेलवे स्टेशन के बाहर निरीक्षण किया। जहां पर दो बसों में प्रवासी मजदूरों को भरकर ले जाया जा रहा था। आरपीएफ ने बसों के विषय में पूछताछ की, तो पता चला कि बस संचालक बिना अनुमति रात के वक्त पुणे और मुंबई से आने वाले मजदूरों को ले जाते हैं। आरपीएफ ने बसों को सीज करने के साथ-साथ एजेंट मोहम्मद तनवीर मक्खी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि ड्राइवर फरार हो गए। आरपीएफ ने पकड़े गए बस संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरपीएफ क्राइम ब्रांच के एसएन पाटीदार ने बताया कि बसों को सीज किया गया। रेलवे स्टेशन के पास अवैध रूप से बसों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।