जल्द ही रेलवे बोर्ड भी तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की भर्तियों के लिए अभ्यर्थियों से आनलाइन फार्म लेगा। साथ ही अभ्यर्थी परीक्षा होने के बाद आनलाइन अपनी उत्तर पुस्तिका देख सकेंगे। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने तैयारी शुरू कर दी है।
अभी रेलवे अलग-अलग कैडर की भर्तियों के लिए आवेदन मांगता है। हर भर्ती के लिए बोर्ड के पास लाखों की संख्या में आवेदन पहुंचते हैं। इसके बाद आवेदनों की छंटाई, प्रवेश पत्र जारी करना आदि कार्यों में लंबा समय लग जाता है। चूंकि, अब प्री व मेन दो तरह की परीक्षाएं होने लगी हैं और इसके बाद मेडिकल होता है। इस कारण प्रक्रिया को पूरी होने में अकसर दो साल से अधिक का समय लग जाता है। यही कारण है कि रेलवे में खाली चल रहे हजारों कर्मचारियों के पद समय पर नहीं भर पाते हैं। संबंधित कैडर में जब तक नई भर्ती होती है, तब तक उस विभाग में सेवानिवृत्ति के कारण उतने ही पद रिक्त हो जाते हैं। वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की भी संभावना बनी रहती है। कभी आवेदक के नाम की अक्षरों में गलती प्रकाश में आती है तो कभी उसके पते में। रेलवे बोर्ड अब अन्य विभागों की तरह कर्मचारियों की भर्ती में गड़बड़ी, घपलों से बचने व परीक्षा में पारदर्शिता लाने के लिए इस पूरी प्रक्रिया को आनलाइन करने की तैयारी कर रहा है। इसमें आनलाइन आवेदन, आनलाइन परीक्षा और परीक्षा के बाद आनलाइन उत्तर पुस्तिका मुहैया कराने की तैयारी है। परीक्षा के उपरांत परीक्षार्थी अपने रोल नंबर के पासवर्ड का इस्तेमाल कर अपनी उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन भी कर सकेंगे। रेलवे सूत्रों के अनुसार जल्द ही इस प्रक्रिया की शुरूआत अवर अभियंताओं की भर्ती से होगी।