सोमवार को हजरत निजामुद्दीन से पुरी जाने वाली समर स्पेशल ट्रेन सुबह 11.23 बजे पर झांसी पहुंची। ट्रेन के झांसी पहुंचने से पहले दतिया स्टेशन के पास एस-1 कोच में सवार यात्रियों ने एक चोर को मोबाइल चोरी करते रंगे हाथ पकड़ लिया। यात्रियों ने पहले तो चोर की पिटाई की और फिर रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल कर चोर को पुलिस के हवाले करने के बारे में सूचना दी। ट्रेन के झांसी पहुंचने पर जब सुरक्षा बल के जवान नहीं पहुंचे तो गुस्साए यात्रियों ने चोर को कोच में ही गमछे की मदद से खिड़की से बांध दिया और अपने साथ ले गए।
रेलवे से की शिकायत में एस-1 कोच के यात्री शिव सुंदर साहू ने बताया कि चोर को पकड़ने के बाद उसे पुलिस के हवाले करने के लिए 139 पर कॉल किया था, लेकिन ट्रेन में और झांसी स्टेशन पर कोई नहीं पहुंचा। चोर को सभी यात्रियों ने खिड़की से बांधा और अपने साथ ले गए।
वहीं, झांसी आरपीएफ कंट्रोल रूम ने बताया कि यात्रियों की शिकायत पर ट्रेन को सागर में चेक किया गया था। इसमें एक महिला यात्री ने बताया कि दतिया के पास उसका मोबाइल चोरी हुआ है। महिला यात्री ने बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराने की बात कही। इसके बाद यात्रियों ने बिलासपुर में चोर को जीआरपी के हवाले किया। वहीं, मामला बिलासपुर में दर्ज करने के बाद अब झांसी जीआरपी को भेजा जा रहा है। जीआरपी थाना प्रभारी पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि फिलहाल मुकदमा झांसी नहीं आया है। जैसे ही मामला झांसी आता है तो मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।