झांसी। बिजौली रेलवे स्टेशन पर बुधवार की शाम इलेक्ट्रानिक इंटरलॉकिंग फेल होने से एक घंटे तक अप और डाउन का यातायात ठप रहा। इस बीच कुशीनगर एक्सप्रेस व छह मालगाड़ियों को पायलट (धीमी गति से) कर मौके से गुजारा गया।
बिजौली रेलवे स्टेशन पर पिछले महीने लगाई गई अत्याधुनिक इलेक्ट्रानिक इंटरलॉकिंग प्रणाली तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई। इससे आसपास के सिग्नलों ने काम करना बंद कर दिया। सिग्नल के काम न करने के कारण ट्रैक पर दौड़ रहीं गाड़ियां अलग- अलग स्टेशनों पर खड़ी हों गईं। सूचना पर संबंधित स्टाफ मौके पर पहुंच गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गड़बड़ी को सुधारा जा सका। इस बीच लोकमान्य तिलक से गोरखपुर जाने वाली 01015 कुशीनगर एक्सप्रेस व छह मालगाड़ियों को पायलट कर मौके से गुजारा गया। विगत 17 सितंबर की रात भी बिजौली और झांसी के बीच इलेक्ट्रानिक इंटरलॉकिंग का ब्लाक फेल होने से सुबह तक ट्रेनों को पायलट कर मौके से गुजारा गया था। इससे ट्रेनों का संचालन लेट हो गया था।