ट्रेनों में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता का पता लगाने के लिए अब यात्रियों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। वे अपनी सीट पर बैठे-बैठे मोबाइल से ही पहचान कर सकेंगे। आईआरसीटीसी द्वारा मुहैया कराए जाने वाले खाने के हर पैकेट पर अब बार कोड होगा, जो खाने के सारे विवरण उजागर करेगा।
झांसी रेल मंडल में भी परोसे जाने वाले खाने पर इस व्यवस्था के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही, यात्रियों को इस सुविधा का लाभ मिलने लगेगा। आईआरसीटीसी ने मानकों पर खरा न उतरने वाले खाद्य पदार्थों पर लगाम लगाने के लिए नई योजना तैयार की है। जिसके तहत ट्रेन में मिलने वाले खाने के हर पैकेट पर बारकोड डाला जाएगा। यात्री बारकोड को स्कैन कर जान सकेंगे कि खाना किस किचन में तैयार किया गया है, वे किचिन का लाइन फीड भी देख सकेंगे। खाना बनने की तारीख से लेकर गुणवत्ता का पूरा ब्यौरा यात्री के सामने होगा। इस योजना के बाद ट्रेनों के पैंट्री कार संचालक और वेंडर मनमानी नहीं कर सकेंगे।
ऐेसे होगा उपयोग
आईआरसीटीसी की जिम्मेदारी होती है कि वह रेल यात्रियों को ताजा खाना मुहैया कराए। मोबाइल में बार कोड एप डाउनलोड कर या रेलवे की साइट पर जाकर बार कोड स्कैन किया जा सकता है।
यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में कारगर कदम उठाया गया है। जल्द ही बार कोड लगाकर यात्रियों को खाना दिया जाएगा, जिसकी तैयारी झांसी में शुरू की जा रही है।
मनोज कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी