झांसी। इलाइट- चित्रा मार्ग पर स्थित एचडीएफसी बैंक में मंगलवार को एक लोको पायलट टप्पेबाजी का शिकार हो गए। वे बैंक में पॉलीथिन में 1.40 लाख रुपये रखकर जमा करने आए थे। इसी बीच उनकी पॉलीथिन से 50 हजार रुपये चोरी हो गए। लोको पायलट का आरोप है कि उनके पास एक महिला खड़ी थी, जो पॉलीथिन में हाथ डालकर उनके रुपये चोरी कर ले गई। नवाबाद थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर महिला की तलाश शुरू कर दी है।
खाती बाबा निवासी जयप्रकाश रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार की दोपहर साढ़े तीन बजे वे इलाइट- चित्रा मार्ग पर स्थित एचडीएफसी बैंक में रुपये जमा करने गए थे। वे पॉलीथिन में 1.40 लाख रुपये रखे थे। बैंक में उनकी पॉलीथिन से 50 हजार रुपये (पांच सौ रुपये की गड्डी) चोरी हो गए। इस बात का पता लगने पर उन्होंने आसपास देखा और दूसरे ग्राहकों से पूछा, लेकिन सभी ने अनभिज्ञता जाहिर की। देखते ही देखते बैंक में हंगामे का माहौल बन गया। सूचना पर
नवाबाद थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। लोको पायलट का आरोप है कि उनके पास एक महिला खड़ी थी, जो पॉलीथिन में हाथ डालकर उनके रुपये चोरी कर ले गई। नवाबाद थाना पुलिस ने बैंक और आसपास के प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज देखे, लेकिन सफलता हासिल नहीं लग सकी। लोको पायलट ने मामले की लिखित शिकायत थाने में दे दी है।