झांसी। बदमाश दो सूने घर व एक दुकान का ताला तोड़कर हजारों की नकदी व कीमती सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रेल कर्मचारी हेमंत तिर्की पूर्वी रेलवे कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। वह 22 दिसंबर से 30 दिसंबर तक परिवार के साथ छत्तीसगढ़ अवकाश पर गए थे। इस बीच उनके सूने घर में बदमाश घुस गए और नकदी समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। पड़ोसियों ने 29 दिसंबर को उनको मोबाइल पर चोरी होने की सूचना दी। मंगलवार को वह झांसी आ गए। नवाबाद थाने में दी तहरीर में उन्होंने बताया कि बदमाश अलमारी में रखे 40 हजार रुपये नकद, डायमंड की अंगूठी, घड़ी आदि सामान चोरी कर ले गए। बदमाश स्नानघर की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे थे। इसी तरह नवाबाद थाने में दी तहरीर में तालपुरा निवासी रजनी पत्नी शेरसिंह ने बताया कि वह घर के आगे के हिस्से में किराना की दुकान खोले हैं। सोमवार की रात बदमाशों ने उनकी दुकान के ताले तोड़े और गुल्लक में रखे छह हजार रुपये, दाल, साबुन, तेल आदि सामान चोरी कर ले गए।
इधर, कोतवाली में दी तहरीर में डड़ियापुरा निवासी विशाल कुशवाहा ने बताया कि वह 28 दिसंबर की रात मां के साथ बस स्टैंड स्थित अपने पुराने घर गए थे। परिवार के अन्य सदस्य पुराने घर में ही रहते हैं। वह रात में वहीं सो गए। सुबह जब वह नए घर पहुंचे तो दरवाजे के ताले टूटे देख हतप्रभ रह गए। बदमाश उनके सूने घर से लैपटॉप, एलईडी, चार्जर आदि सामान चोरी कर ले गए थे। इधर, सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मिशन कंपाउंड निरंकारी भवन के सामने रहने वाले सुंदर लाल अग्रवाल के घर में दो नशेड़ी घुस गए। वह घर के परिसर में रखी बैटरी के इनवर्टर को चोरी करके ले जाने का प्रयास कर रहे थे, तभी लोगों ने उनको देख लिया। बाद में दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।