अगर सब कुछ सही रहा तो जल्द ही सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट का कायाकल्प होगा। यहां वाटर पार्क, ओपन जिम, ट्राय ट्रेन चलाने की तैयारी हो रही है। इसका प्रस्ताव इंस्टीट्यूट कमेटी ने रेलवे प्रशासन को भेजा है। प्रस्ताव मंजूर होते ही काम शुरू हो जाएगा।
झांसी व आसपास के इलाकों में सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट की अपनी एक अलग पहचान है। बैडमिंटन, क्रिकेट, शतरंज, फुटबाल, हॉकी से लेकर कई खेलों में अभ्यास के लिए खिलाड़ी आते हैं। रेलवे की ओर से कई छोटी-बड़ी प्रतियोगिताएं भी इंस्टीट्यूट के मैदान में समय-समय पर की जाती है और रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के लिए भी समर कैंप हर साल लगता है। इंस्टीट्यूट के भवन और उसके परिसर की सुंदरता के लिए कई बार कदम उठाए गए हैं। एक बार फिर इंस्टीट्यूट समिति ने रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा है। इसमें ओपन जिम व वाटर पार्क के अलावा ट्राय ट्रेन, कैंटीन तथा एलईडी पैनल लगवाने की बात कही गई है।
वाटर पार्क, ट्राय ट्रेन जहां बच्चों के लिए आकर्षण होगी, वहीं ओपन जिम से बुजुर्गों को भी कसरत करने के लिए सरलता से उपकरण प्राप्त होंगे। समिति के सचिव मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि प्रस्ताव रेलवे प्रशासन को भेजा जा चुका है। मंजूरी प्राप्त होते ही रेलवे के इंजीनियर सर्वे कर प्रोजेक्ट तैयार करेंगे और धनराशि निर्गत होते ही काम शुरू हो जाएगा।
कुछ दिनों में लगेंगी टॉवर पर घड़ियां
जल्द ही कुछ दिनों में सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट के टॉवर पर जीपीएस पर आधारित विशाल घड़ियां लगी नजर आएंगी। सवा चार-सवा चार फीट की यह घड़ियां टॉवर में चारों दिशाओं में लगाई जाएंगी। यह घड़ियां मुंबई के भायखला सिग्नल एंड दूर संचार वर्कशॉप में तैयार की जा रही हैं। इंस्टीट्यूट समिति ने इसके लिए प्रोजेक्ट रेलवे प्रशासन को भेजा था।