झांसी। चेन्नई में हो रही बारिश का ट्रेनों के संचालन पर असर दिखने लगा है। गुरुवार को चेन्नई की तरफ से आने वाली एक ट्रेन को रद कर दिया गया, जबकि दो ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से झांसी आईं। इस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चेन्नई से जम्मूतवी जाने वाली गाड़ी संख्या 16031 अंडमान एक्सप्रेस को रद कर दिया गया। दिन के समय झांसी से गुजरने वाली यह गाड़ी जम्मूतवी स्थित वैष्णो देवी दर्शन को जाने वाले यात्रियों के लिए बेहद सुगम मानी जाती है। गुरुवार को इस गाड़ी के न आने के कारण जम्मू, दिल्ली व पंजाब की तरफ जाने वाले दो दर्जन से अधिक यात्रियों को अपने आरक्षण रद कराने पड़े।
इसी तरह चेन्नई से नई दिल्ली जाने वाली गाड़ी संख्या 12615 डाउन जीटी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से चार घंटे देरी से झांसी आई। इस गाड़ी से दिल्ली की तरफ जाने वाले यात्रियों को अपने आरक्षण रद कराने पड़े। इसके अलावा चेन्नई से गोरखपुर जाने वाली गाड़ी संख्या 12512 अप राप्ती सागर एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से ग्यारह घंटे देरी से झांसी आई।
इस गाड़ी के झांसी आने का समय सुबह 4.15 बजे है। इस गाड़ी में बड़ी संख्या में यात्री झांसी से कानपुर, लखनऊ व गोरखपुर की तरफ जाते हैं। इस गाड़ी के ग्यारह घंटे लेट होने के कारण आरक्षित यात्रियों को स्टेशन पर पल-पल गुजारना भारी पड़ा।
चूंकि, गोरखपुर की तरफ जाने वाली गाड़ियों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल भरा होता है, इस कारण यात्रियों ने आरक्षित टिकटों को रद नहीं कराया और ट्रेन का इंतजार करने में ही भलाई समझी। आरक्षित यात्री वेटिंग रूमों में दिन भर डेरा डाले रहे।