रेलवे डिवीजन की टीम ने ललितपुर की टीम को दी शिकस्त
झांसी। सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट मैदान पर रविवार को 50 वीं वृंदावन लाल वर्मा लीग कम नॉकआउट क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर उद्घाटन मैच में रेलवे डिवीजन झांसी की टीम ने ललितपुर क्रिकेट एसोसिएशन की टीम को हराया। इस दौरान रेलवे टीम के खिलाड़ी सरफराज खान और हरजीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया।
झांसी डिस्ट्रिक क्रिकेट एसोसिएशन के बैनर तले चल रही प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में रेलवे टीम के कप्तान नीरज भटनागर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरे ललितपुर की टीम के बल्लेबाज आशिक खान (39) और प्रदुम्न (21) ने 51 रन की साझेदारी कर मजबूत शुरूआत की। इसके बाद प्रतीक श्रीवास्तव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर 51 रन बनाए। रेलवे टीम के गेंदबाज हरजीत सिंह ने तीन विकेट लिए। इस दौरान ललितपुर की टीम 31.2 ओवरों में 135 रन पर ऑल आउट हो गई। जवाब में खेलने उतरी रेलवे की टीम के बल्लेबाज सचिन शिवहरे 11 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद कप्तान नीरज भटनागर और सरफराज खान ने 54 रनों की साझेदारी की। रेलवे की टीम ने शानदार बल्लेबाजी कर 25 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर जीत हासिल कर ली। इस मौके पर अध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने सभी को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान महापौर रामतीर्थ सिंघल ने खिलाड़ियों को अधिक सुविधाएं देने की बात कही। इस मौके पर जेडीसीए की वेबसाइट का विमोचन किया गया। मैच के दौरान सचिव अरविंद कपूर, मनोज श्रीवास्तव, अंपायर मोहम्मद शाहिद, विपुल तेलंग, बृजेंद्र सिंह, मोहम्मद रहूफ, मुख्य कारखाना प्रबंधक दीपक निगम, प्रशांत सिंह, प्रणय श्रीवास्तव, बकुल वर्मा, उमाशंकर अग्रवाल, प्रदीप भटनागर, वेदांत मिश्रा, विवेक खत्री, रविशंकर चौबे, सुधीर सिंह, दिनेश प्रताप सिंह, अल्ताफ हुसैन, संजय यादव, दिलीप बुंदेला, अजय मिश्रा, अखिलेश मिश्रा मौजूद रहे।