झांसी। झांसी रेलवे मंडल सोलर प्लांट से प्रतिमाह आय में बढ़ोत्तरी कर रहा है। वित्तीय वर्ष 2020-21 की औसत मासिक की तुलना में वित्तीय वर्ष 2021-22 के अप्रैल माह में रेलवे को एक माह में तीन लाख, 32 हजार, 656 रुपये राजस्व की बचत हुई।
झांसी रेलवे मंडल अपने यहां सोलर प्लांट स्थापित किए हुए हैं। इससे वह प्रतिमाह तीन लाख, 32 हजार, 656 रुपये की बचत कर रहा है। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2020-21 में रेलवे ने अपने सोलर प्लांट से सात लाख, 36 हजार, 561 यूनिट बिजली का उत्पादन किया। इससे 31 लाख, 96 हजार, 678 रुपये की आय हुई। औसत देखा जाए तो रेलवे ने एक महीने में करीब 61,381 यूनिट बिजली पैदा कर दो लाख 66 हजार, 390 रुपये प्रति माह राजस्व की बचत की। वहीं वित्तीय वर्ष 2021-22 के अप्रैल माह में ही उसने एक लाख, 38 हजार, 029 यूनिट बिजली उत्पादन किया जो पिछले वित्तीय वर्ष के औसत माह की तुलना में 76,648 यूनिट अधिक है। वहीं प्रतिमाह के औसत राजस्व में भी अप्रैल 2021 में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में तीन लाख, 32 हजार, 656 रुपये अधिक है। वर्तमान वित्तीय वर्ष के पहले माह अप्रैल में पांच लाख, 99 हजार, 046 रुपये राजस्व की बचत की।
बड़े स्टेशनों और कार्यालयों में लगाए जा चुके हैं सोलर प्लांट
- झांसी रेलवे स्टेशन, ग्वालियर, उरई, ललितपुर सहित सभी बड़े स्टेशनों पर लगाए जा चुके हैं। सभी छोटे स्टेशनों पर लगाए जाने का कार्य चल रहा है। इसके अतिरिक्त रेलवे के वर्कशाप, रेलवे अस्पताल, इंजीनियरिंग आफिस में भी सोलर प्लांट लगाया जा चुका है।
सोलर प्लांट की स्थापना से पर्यावरण संरक्षण भी हो रहा है। इससे रेलवे की ऊर्जा बचत भी हुई है। इसके साथ ही राजस्व में भी बढ़ोत्तरी हुई है। उत्पादन में और बढ़ोत्तरी के लिए मंडल प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है।
- मनोज कुमार सिंह,
जन संपर्क अधिकारी,
उत्तर मध्य रेलवे झांसी