कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लोकसभा चुनाव के दौरान बुंदेलखंड में बड़ी जनसभा करेंगे। लखनऊ में हुई पार्टी की बैठक में रैली की रूपरेखा तैयार की गई, लेकिन जगह फाइनल नहीं हो सकी। रैली वहीं पर होगी, जहां के कार्यकर्ता भीड़ जुटाएंगे।
लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी से प्रदेश में गठबंधन नहीं होने के बाद कांग्रेस अपने स्तर से चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। चुनाव के दौरान राहुल गांधी के बुंदेलखंड दौरे पर मुहर तो लग गई, लेकिन रैली कहां पर होगी, इस पर अंतिम निर्णय नहीं हो सका। तय किया गया कि जहां कार्यकर्ता अधिक भीड़ जुटाएंगे, वहीं पर राहुल गांधी रैली करेंगे।
सूत्रों की मानें तो पूरे प्रदेश में राहुल गांधी 14 बड़ी जनसभाएं करेंगे। हर जनसभा में एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ होगी। उधर, चुनाव की घोषण होने से पहले राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रहे पीएल पुनिया जिले के दौरे पर आएंगे। वह दलित वोटों को कांग्रेस के पक्ष में साधेंगे। शहर अध्यक्ष इम्तियाज हुसैन ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का दौरा ललितपुर में होगा या झांसी में, यह जल्द फाइनल होगा।