rahul gandhi become support ranipur labor
झांसी। रानीपुर के 14 मजदूरों के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी बड़ा सहारा बनकर सामने आए। दिल्ली से पैदल चलकर जिले के रानीपुर आ रहे इन मजदूरों के लिए राहुल ने बस की व्यवस्था कर पहुंचाया। यहां सभी मजदूरों को 21 दिन के लिए होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली में पैदल अपने घर की ओर जा रहे मजदूरों के बीच पहुंचे। उन्होंने मजदूरों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। इस दरम्यान राहुल की भेंट झांसी के रानीपुर कस्बे की श्रमिकों की टोली से भी हुई। इनमें पांच महिलाएं व एक बच्चा भी शामिल था। ये सभी हरियाणा में काम करते थे और पैदल ही दिल्ली तक पहुंचे थे। राहुल गांधी को इन लोगों ने बताया कि वे अपने घर रानीपुर वापस लौट रहे हैं। कोई साधन न मिलने की वजह से वे पैदल ही जा रहे हैं। इस पर राहुल गांधी ने तत्काल मजदूरों की इस टोली के लिए रानीपुर तक के लिए मिनी बस की व्यवस्था कराई। कांग्रेस कार्यालय से इसकी सूचना पूर्व मंत्री प्रदीप जैन व अन्य कांग्रेसियों को दी गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवानदास कोरी ने बताया कि मजदूरों को लेकर ये बस रविवार की सुबह नौ बजे रानीपुर पहुंची। ये सभी झंडापुरा मोहल्ले के रहने वाले हैं। यहां पर महावीर जैन विद्यालय में उनको खाना खिलाया गया। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी की जांच की और सभी को 21 दिन के लिए होम क्वारंटीन कर दिया गया।
इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग से डॉ. हेमलता, हीरालाल हटया, वंदना सेन, कांग्रेसी नेता छक्की लाल रतमेले, सईद खां, राजीव जैन, अमित गुप्ता व डीके सोनी आदि उपस्थित रहे।