अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। प्रयागराज में महाकुंभ जाने के लिए मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के कई श्रद्धालु झांसी के ट्रैवल एजेंटों से कार बुक कर रहे हैं। महाकुंभ की वजह से झांसी के ट्रैवल एजेंसी का कारोबार तीन गुना बढ़ गया है। रोजाना 500 मिनी बस/कारें बुक होकर प्रयागराज जा रही हैं।
झांसी में लगभग 50 ट्रैवल एजेंट हैं। महाकुंभ जाने वालों की भीड़ के चलते ट्रैवल एजेंटों ने किराया में भी डेढ़ गुना इजाफा कर दिया है। हालांकि, वे तर्क दे रहे हैं कि रास्ते में घंटों जाम की वजह से देर तक वाहन खड़ा रहने से डीजल ज्यादा लगता है। ऐसे में किराया बढ़ाया गया है। झांसी से सटे मप्र के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान आदि प्रदेश के लोग ट्रेन से झांसी पहुंचकर ट्रैक्सी बुक करके प्रयागराज जा रहे हैं।
झांसी के लोग भी टैक्सी बुक कर रहे हैं। ट्रैवल एजेंटों ने बताया कि महाकुंभ से पहले औसतन 10 से 12 दिन कारों की बुकिंग होती थी। अब कोई भी दिन ऐसा नहीं है, जिस दिन कोई टैक्सी बुक न हो। लोग एडवांस में भी टैक्सी की बुकिंग करवा रहे हैं।
ज्यादातर लोग ये पैकेज बुक करा रहे
ज्यादातर लोग झांसी से ओरछा, चित्रकूट, प्रयागराज, बनारस, अयोध्या होकर वापस लौटने का पैकेज बुक करा रहे हैं। दो लोगों के जाने पर 30 हजार रुपये खर्च आता है। अगर चार लोग जाते हैं तो प्रति दो व्यक्ति 25 हजार और छह लोग होने पर प्रति दो व्यक्ति 20 हजार रुपये खर्च आता है। इसमें यात्रा, होटल और खानपान शामिल है।
एजेंटों ने 20 नई कारें और पांच मिनी बस खरीदीं
कारोबार में बढ़ोतरी होने और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के मद्देनजर ट्रैवल एजेंटों ने नए वाहन भी खरीद लिए हैं। बताया गया कि 20 नई कारें और पांच मिनी बस खरीदी गई हैं। कुछ लोगों को उपलब्धता न होने से कारें मिल भी नहीं पाई हैं। वरना इनकी संख्या और ज्यादा होती।
ये बोले पदाधिकारी
महाकुंभ जाने के लिए लोग एक-एक सप्ताह पहले टैक्सी की बुकिंग करवा रहे हैं। कोई भी दिन ऐसा नहीं जाता है, जब टैक्सी खाली रहती हो। - अनिरुद्ध रावत, अध्यक्ष, बुंदेलखंड ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन
प्रयागराज जाने के लिए रोजाना 500 वाहन बुक हो रहे हैं। इसमें 60 फीसदी पर्यटक बाहर के होते हैं। ट्रैवल एजेंसी के कारोबार में भी तीन गुना इजाफा हो गया है। - चंद्र सोनी, सचिव, बुंदेलखंड ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन