महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं ने जगह- जगह प्रसाद ग्रहण करके पुण्य तो खूब कमाया, लेकिन दोना गिलास सड़क पर ही फेंककर अपना नागरिक होने का कर्तव्य भूल गए। आयोजकों ने भी उनको उठाने की जहमत नहीं उठाई और न ही डस्टबिन का इंतजाम किया। इससे सड़क पर गंदगी फैलती रही।
सोमवार को महाशिवरात्रि पर्व पर सिद्धेश्वर मंदिर, पानी वाली धर्मशाला स्थित हजारिया महादेव मंदिर, बड़ागांव गेट स्थित भूतनाथ मंदिर, राजा बाबा महाकालेश्वर मंदिर, गोविंद चौराहा स्थित मढ़िया महादेव मंदिर, किले के प्राचीन शिव मंदिर के साथ ही कई अन्य शिवालयों और मिनर्वा, रानीमहल, सैयर गेट समेत कई मार्गों पर श्रद्धालुओं ने प्रसाद वितरण की व्यवस्था की थी। यहां लोगों को खीर, हलवा और ठंडाई का प्रसाद बांटा गया। सभी जगह प्रसाद लेने के लिए भीड़ लगी रही। लोगोें ने प्रसाद लेने के बाद सड़क पर ही दोना और गिलास फेंक दिए, जिससे गंदगी फैलती रही। जानवर घूमते रहे। हवा से गंदगी दूर तक फैलती रही। रात तक ऐसी ही स्थिति बनी रही।
खीर और ठंडाई बांटी
झांसी। जेल चौराहा व्यापार मंडल ने सोमवार को अभिनंदन का वंदन, शिवरात्रि का चरण वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया। इसदौरान लोगों को खीर और ठंडाई का प्रसाद बांटा गया। इस मौके पर पार्षद विकास खत्री, वेद अग्रवाल, दीप अग्रवाल, बलकार सिंह, मुकेश अग्रवाल, हनी सेन मौके पर मौजूद रहे।