झांसी। जल संस्थान की महाप्रबंधक मंजू रानी गुप्ता ने बरुआसागर और मऊरानीपुर क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया। मऊरानीपुर में अवर अभियंता के आवास पर पंप ऑपरेटर ने कब्जा कर रखा था। ऐसी ही तमाम कमियां उनको निरीक्षण के दौरान देखने को मिलीं। जिस पर उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए।
बरुआसागर क्षेत्र के वनगुवां ट्रीटमेंट प्लांट के पंप हाउस पर बिजली के तार अव्यवस्थित मिले। स्टेबलाइजर खराब मिला। बरुआसागर बस स्टैंड जलकर कार्यालय में जांच के दौरान पता लगा कि लिपिक द्वारा वार्षिक बिलों में जलकर की राशि की डिमांड नहीं दर्शाई जा रही है, जिस पर स्पष्टीकरण मांगा गया। मऊरानीपुर जलकल परिसर में बाहरी व्यक्तियों के जानवर बंधे थे। चार पहिया ठेले रखे थे। इस पर संबंधित कर्मचारियों पर नाराजगी जाहिर कर एक दिन के वेतन काटने के निर्देश दिए। पंप हाउस की हालत भी जर्जर हालत में मिली। अवर अभियंता के आवास पर पंप ऑपरेटर ने कब्जा कर रखा था। उन्होंने अधिशासी अभियंता से एसएसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई कराने को कहा। आवास खाली न करने पर निलंबन के आदेश दिए। सपरार बांध पर आपूर्ति व्यवस्था को देखा।