अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत बनकर तैयार स्मार्ट पैथोलॉजी केंद्र समेत 240 करोड़ की योजनाओं की सौगात मार्च में ही मिल सकती है। महाकुंभ के समापन के बाद इसी महीने सीएम के झांसी आने की संभावना जताई जा रही है। स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से भी शासन को लोकार्पण के लिए पत्र लिखा गया है।
इलाइट चौराहा के पास 25 करोड़ की लागत से मल्टीलेवल कार पार्किंग बनवाई गई है। यहां तलघर, प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ तल पर 46-46 कार खड़ी की जा सकती हैं। वहीं, झांसी-शिवपुरी हाईवे के पास लहरगिर्द में 26 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनवाया गया है। 117.22 करोड़ रुपये से ये निर्माण हुआ है। लहर की माता, आईटीआई कॉलेज, प्रभु राम लला आश्रम, आल्हाघाट के पास चार पंपिंग स्टेशन का निर्माण कराया गया है। इसका भी ट्रायल शुरू हो चुका है। इसके अलावा, 98.47 करोड़ से आरटीओ के पास स्मार्ट पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक स्वास्थ्य केंद्र बनवाया गया है। यहां पैथोलॉजी लैब, डेंटल, कार्डियक, कैंसर, रेडियोलॉजी, गायनिक, नेत्र, ईएनटी आदि है। स्मार्ट पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक स्वास्थ्य केंद्र के तहत एक्सरे, ईको, टीएमटी, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, डायलिसिस आदि जांचों को केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना की अनुमोदित दरों पर किया जाएगा। ये केंद्र शुरू होने के बाद लोगों को रियायती दरों पर जांच कराने की सुविधा मिलेगी। अब इन 240 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात जल्द मिलने वाली है। स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ सत्य प्रकाश का कहना है कि लोकार्पण के लिए शासन को पत्र लिखा गया है।