झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में फरवरी से ह्रदय रोगियों की नि:शुल्क एंजियोप्लास्टी शुरू हो सकती है। कॉलेज प्रशासन ने लखनऊ एसजीपीजीआई के रेट कांट्रैक्ट पर स्टेंट खरीद की शासन से अनुमति मांगी है। शासन से मंजूरी मिलते ही कॉलेज प्रशासन स्टेंट की खरीद शुरू कर देगा। शासन द्वारा असाध्य रोगियों के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज को समय-समय पर बजट दिया जाता है। दिसंबर में कॉलेज को शासन से असाध्य रोगियों के लिए तीन करोड़ रुपये बजट मिला था। कॉलेज प्रशासन ने निर्णय लिया था कि दो करोड़ रुपये से ह्रदय रोगियों के लिए स्टेंट खरीदे जाएंगे। जबकि, एक करोड़ रुपये लिवर, कैंसर, किडनी आदि बीमारी से ग्रसित मरीजों के इलाज पर खर्च किए जाएंगे। बुधवार को कॉलेज प्राचार्य डॉ. एनएस सेंगर ने पत्र लिखकर एसजीपीजीआई के रेट कांट्रैक्ट के आधार पर स्टेंट खरीदने के लिए शासन से अनुमति मांगी है। इनकी मंजूरी मिलते ही सात से 10 दिनों में स्टेंट कॉलेज प्रशासन खरीद लेगा। प्राचार्य का कहना है कि फरवरी से असाध्य रोगियों की नि:शुल्क एंजियोप्लास्टी शुरू होने की संभावना है।