झांसी। शहर की पॉश कॉलोनी जानकीपुरम् के एक हिस्से में पिछले दस साल से पानी नहीं पहुंच सका है। यहां तीन दर्जन से अधिक घरों में लोग निजी संसाधनों से पानी का इंतजाम करते हैं। करोड़ों रुपये खर्च करके शुरू हुई नई पेयजल योजनाओं का भी लाभ इस कॉलोनी के लोगों को नहीं मिल रहा।
जानकीपुरम् कॉलोनी में राममंदिर चौराहे से दक्षिण पटरी पर बसे तीन दर्जन घरों में पानी की आपूर्ति नहीं होती। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब दस-बारह वर्ष पहले चार इंची पाइपलाइन से जलापूर्ति होती थी लेकिन, नई लाइन बिछाने के बाद उसको दक्षिणी पटरी तक नहीं लाया गया। वहीं, पुरानी लाइन भी बंद कर दी गई। इस वजह से यहां रहने वालों को पानी नहीं मिल रहा। मजबूरन पानी के लिए सभी को अपने घरों में बोरिंग करानी पड़ी है। कई घरों में बोरिंग सक्सेज न होने से उनको लगातार पानी की परेशानी उठानी पड़ती है। परेशान लोगों का कहना है कि कई बार जल संस्थान के अफसरों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई।
जल संस्थान की जलापूर्ति करीब एक दशक पहले यहां थी। उसके बाद नई पाइपलाइन बिछने के बाद हम लोगों का कनेक्शन बंद कर दिया गया।
डॉ.एके भार्गव
पानी की समस्या से पूरे मोहल्ले के लोग परेशान हैं। कई बार शिकायत की लेकिन, सुनवाई नहीं हुई।
विवेक साहनी
हम लोगों का कनेक्शन कटे हुए दस साल से ज्यादा समय बीत गया। आज तक जल संस्थान ने जलापूर्ति बहाल नहीं की। शिकायत का भी कोई हल नहीं निकला।
अमर खत्री
कनेक्शन न होने से हम लोगोें को सिर्फ बोरिंग पर ही निर्भर रहना पड़ता है। मोहल्ले में पाइपलाइन शुरू करने की जरूरत होती है।
मनीषा भारद्वाज
पाइपलाइन न होने से काफी परेशानी होती है। हम सभी लोग परेशान हैं। नई पेयजल योजना का भी लाभ हम लोगों को नहीं मिला।
राजीव कुमार