दासना। ग्राम पांडौरी में मंगलवार को हनुमान मंदिर के 48 वर्षीय पुजारी अरविंद तिवारी की भांडेर में करंट लगने से मौत हो गई। अरविंद मंगलवार सुबह भांडेर में अपने घर बिजली की मोटर का तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो गए। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भांडेर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सरकारी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आरएस परिहार ने बताया कि अरविंद मृत अवस्था में अस्पताल लाए गए थे। बता दें कि अरविंद ग्राम पांडौरी के मूल निवासी थे और गांव के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करते थे। भांडेर में भी एक आवास है। बच्चों को पढ़ने के लिए भांडेर में आवास बनवाकर रहते थे। मृतक के चचेरे भाई बसंत ने बताया कि भांडेर पुलिस ने अस्पताल में पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि अरविंद अपने पीछे पत्नी व दो बेटियों को छोड़ गए हैं। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद