अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। भारतीय हॉकी टीम के मुख्य प्रशिक्षक क्रेग फुल्टन का कहना है कि ओलंपिक में कांस्य जीतने के बाद अब भारतीय टीम का अगला लक्ष्य विश्व कप जीतना है। इसके लिए टीम ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। भारतीय टीम निरंतर युवा हो रही है। ऐसे में आने वाले समय में भारत विश्व के सामने कठिन चुनौती बनकर उभरेगा।
पेरिस ओलंपिक में कांस्य विजेता भारतीय टीम के कोच रहे क्रेग फुल्टन ने झांसी में कहा कि वह सीनियर मुकाबले के दौरान भविष्य के खिलाड़ियों को तलाशने के लिए यहां पहुंचे हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को तलाशने में मदद मिलती है। कई खिलाड़ियों में बेहतर संभावनाएं नजर आईं। आने वाले समय में इन खिलाड़ियों को भी मौका मिलेगा। उनका कहना है टीम में अधिकांश खिलाड़ी 25 साल से कम आयु के हैं।
भारतीय कोच का कहना है वर्ष 2026 में नीदरलैंड में आयोजित विश्व कप समेत 2028 के ओलंपिक को देखते हुए ऐसी टीम बनाई जा रही, जो अगले तीन साल तक मैदान में पसीना बहाने के काबिल हो। यह टीम आगे का भी सफर तय करेगी। भारत के पास आक्रमण ही नहीं रक्षण के साथ खेलने की बेहतरीन तकनीक है। इसके लिए श्रेष्ठ खिलाड़ी हैं। अच्छे गोलकीपर की कमी खत्म हो गई। ऐसे में विश्वकप जीतना हमारा लक्ष्य है। दक्षिण अफ्रीका की ओर से खेल चुके फुल्टन पिछले दो साल से भारतीय टीम के साथ जुड़े हुए हैं।