झांसी। जिला महिला अस्पताल में प्रसूता से प्रसव कराने के नाम पर रुपये मांगे जाने का मामला सामने आया है। रुपये न देने पर प्रसूता को लौटा दिया और घर पर प्रसव हो गया। इसे लेकर प्रसूता के परिजनों ने जिला प्रशासन से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
प्रसूता के परिजनों ने बताया कि अलीगोल खिड़की निवासी रोशनी प्रसव पीड़ा होने पर बुधवार रात को जिला महिला अस्पताल पहुंची। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के स्टाफ ने प्रसूता की जांच कर प्रसव में समय होने की बात कहते हुए लौटा दिया। इस दौरान उनसे रुपये भी मांगे गए। परिजनों ने बताया कि रुपये न देने पर वह प्रसूता रोशनी को घर ले आए। जहां प्रसव के बाद उसने नवजात को जन्म दिया। आनन फानन में परिजनों ने दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया। प्रसूता के परिजनों ने मामले की शिकायत डीएम से करते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।