गर्भवती महिला ने शराबी पति से परेशान होकर जहर पी लिया। पति अक्सर शराब पीकर घर आता था और मारपीट करता था। बेटी की मौत से दुखी पिता ने जब अपने दिल का दर्द लोगों के सामने बयां किया तो लोगों की आंखें भर आईं।
झांसी में टीकमगढ़ निवासी गर्भवती महिला ने शराबी पति से परेशान होकर जहर पी लिया। परिजन उसे मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां बृहस्पतिवार सुबह उसकी मौत हो गई। टीकमगढ़ के मढ़िया गांव निवासी सुनील अहिरवार का पिछले वर्ष नेहा (25) से विवाह हुआ था। सुनील गांव में रहकर खेती-किसानी का काम करता है। नेहा चार माह की गर्भवती थी।
विज्ञापन
नेहा के पिता पूरन ने रोते हुए बताया कि सुनील शराब पीने का आदी है। अक्सर शराब पीकर घर आता था। इस दौरान नेहा से गाली-गालौच एवं मारपीट करता था। इसकी नेहा ने शिकायत की। उन लोगों ने भी सुनील को समझाने की कोशिश की लेकिन सुनील के व्यवहार में बदलाव नहीं आ रहा था। इस बात से नेहा काफी परेशान रहती थी।
बुधवार शाम को घर में वह अकेली थी। इसी दौरान उसने घर में रखी जहरीली दवा पी ली। इसके बाद वह अचेत हो गई। घर वालों ने देखा तब उसे लेकर वह मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने इमरजेंसी में भर्ती कर लिया। बृहस्पतिवार सुबह नेहा की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।