झांसी। पक्षियों में बर्ड फ्लू फैलने की संभावना सबसे अधिक प्रवासी पक्षियों से होती है। प्रवासी पक्षियों की निगरानी के लिए वन विभाग द्वारा जिले के सभी सातों रेंजों में सात टीमों का गठन किया गया है। टीम किसी भी प्रवासी व अन्य पक्षी की मौत होने पर उसके कारणों की जांच करेंगी।
जिला वनाधिकारी वीके मिश्रा ने बताया कि जिले के झांसी, बबीना, मऊरानीपुर, गुरसराय, बामौर, मोंठ व चिरगांव रेंज में सात टीमों का गठन कर दिया गया है। टीमों की निगरानी की जिम्मेदारी रेंज अधिकारियों को सौंप दी गई है। टीमों को प्रवासी पक्षियों के अलावा किसी भी पक्षी की मौत होने की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। टीमों द्वारा जिले के सभी तालाब, पोखर, नदी व झीलों में निगरानी की जाएगी। किसी भी प्रवासी पक्षी की मौत होने पर तुरंत ही पशुपालन विभाग को सूचित कर मौत के कारणों की जानकारी को हासिल किया जाएगा।